फैमिली ढाबा में बिना लाइसेंस पिलाई जा रही शराब, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद आरोपी मैनेजर धनीराम गिरफ्तार

Liquor being served without license at Family Dhaba, accused manager Dhaniram arrested after video went viral on social media

फैमिली ढाबा में बिना लाइसेंस पिलाई जा रही शराब, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद आरोपी मैनेजर धनीराम गिरफ्तार

बिलासपुर : कोटा पुलिस ने देर रात ढाबा, लॉज व होटल में दबिश देकर शराब बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की. माहामाया ढाबा में बिना लाईसेंस के खुलेआम शराब बिक्री की जा रही थी. पुलिस की टीम ने दबिश देकर मैनेजर को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है.
कोटा थाना प्रभारी तोप सिंह नवरंग ने बताया कि कोटा क्षेत्र के गोबरीपाट स्थित महामाया ढाबा में अवैध तरीके से खुलेआम शराब की बिक्री होती है. ढाबा को सामान्य मदिरालय के रुप में उपयोग कर लोगों को शराब परोसा जाता है. खबर पर पुलिस की टीम ने रविवार की देर रात ढाबा में छापामार कार्रवाई की. ढाबे से दो शीशी अंग्रेजी शराब और तीन खाली डिस्पोजल जब्त कर खानापूर्ति की. अगले दिन पुलिस ने ढाबा मैनेजर के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की.
आरोपी मैनेजर धनीराम मानिकपुरी को हिरासत में लिया. पूछताछ करने पर पता चला कि मैनेजर के पास शराब बेचने के लिए कोई लाइसेंस नहीं है. इसके बाद बिना लाइसेंस के आम लोगों को शराब बेच रहा था. इस मामले में पुलिस ने आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कि इस ढाबे में लंबे समय से शराब परोसे जाने की शिकायतें मिल रही थीं. लेकिन पुलिस की तरफ से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा था. रविवार को किसी ने ढाबे का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया और अधिकारियों को भी भेज दिया. इसके बाद ही पुलिस ने आनन-फानन में कार्रवाई की. हालांकि मौके पर शराब पी रहे ग्राहक और ढाबा संचालक फरार हो चुके थे. ढाबे में रिकॉर्ड किए गए वीडियो में कर्मचारी ग्राहकों को बियर और अन्य ब्रांड की शराब उपलब्ध कराने की बात कहते दिख रहे हैं. लेकिन पुलिस को वहां से सिर्फ व्हिस्की की दो शीशियां और तीन डिस्पोजल गिलास मिले। इस आधार पर मैनेजर धनीराम मानिकपुरी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई.
इस मामले में शराब तस्करी की भी आशंका जताई जा रही है. बताया जाता है कि इस ढाबे में सरकारी दुकानों से कम कीमत पर शराब उपलब्ध कराई जाती थी. शक है कि एमपी से शराब लाकर यहां बेची जा रही थी. इससे पहले भी कोटा क्षेत्र में जंगल के रास्ते शराब तस्करी के मामले सामने आ चुके हैं. साथ ही क्षेत्र में महुआ शराब की भी खुलेआम बिक्री हो रही है. ढाबे से मिली शराब की मात्रा और वायरल वीडियो की सच्चाई के बीच भारी अंतर को देखते हुए पुलिस की भूमिका भी शक के घेरे में है. शक है कि कार्रवाई की खबर पहले ही संचालक को मिल गई थी. जिससे वह भाग निकला.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB