श्रेया अस्पताल के डॉक्टरों की लापरवाही से मरीज की मौत, मैनेजर और डॉक्टर को पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल, लाइसेंस भी निरस्त

Negligence by doctors at Shreya Hospital results in patient's death; manager and doctor arrested and jailed; license revoked

श्रेया अस्पताल के डॉक्टरों की लापरवाही से मरीज की मौत, मैनेजर और डॉक्टर को पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल, लाइसेंस भी निरस्त

दुर्ग : दुर्ग जिले के धमधा थाना क्षेत्र में डॉक्टरों की लापरवाही से मरीज की मौत के मामले में पुलिस ने श्रेया अस्पताल के प्रबंधक और डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया है. दोनों को पुलिस ने बीएनएस की धारा 106(1), 3(5) के तहत जेल भेज दिया है. मिली जानकारी के मुताबिक 10 अक्टूबर की रात मृतक पद्माबाई के बेटे चिरज वर्मा ने धमधा थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 10 अक्टूबर 2025 की रात करीब 10 बजे उनकी माता अपने घर के आंगन में गिर गई. जिससे उनके पैर में गंभीर चोट आ गई और वे चलने में असमर्थ हो गईं. जिसे 11 अक्टूबर 2025 को इलाज के लिए श्रेया अस्पताल एण्ड डायग्नोस्टिक सेंटर, धमधा में भर्ती कराया गया.
13 अक्टूबर को उनके पैर का ऑपरेशन किया गया. 14 अक्टूबर को उनकी हालत बिगड़ने एवं सांस तेज चलने पर अस्पताल प्रबंधन द्वारा उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया. श्रेया अस्पताल के स्टाफ एवं एम्बुलेंस के जरिए पदमाबाई वर्मा को शंकराचार्य अस्पताल, जुनवानी ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. परिजनों द्वारा आरोप लगाया गया कि उन्हें बिना सहमति के रेफर किया गया और रेफर करते समय एम्बुलेंस में समुचित चिकित्सकीय देखरेख और डॉक्टर की उपलब्धता नहीं थी. जिसके कारण रास्ते में ही मृतिका की मौत हो गई. इन तथ्यों के आधार पर पुलिस ने जांच की जिसमें अस्पताल प्रबंधन और संबंधित डॉक्टर डॉ. अभिषेक पांडेय और हॉस्पिटल संचालक मनीष राजपूत द्वारा उपेक्षापूर्ण एवं लापरवाहीपूर्ण चिकित्सकीय कार्य से मौत होना पाया गया.
इस मामले में थाना धमधा में अपराध धारा 106(1), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत जुर्म दर्ज कर विवेचना में लिया गया. जांच के दौरान सबूत पाए जाने पर आरोपियों ग्राम भरनी, जिला दुर्ग निवासी श्रेया अस्पताल धमधा प्रबंधक मनीष राजपूत और मॉडल टॉउन, स्मृति नगर चौकी, थाना सुपेला, भिलाई निवासी डॉ. अभिषेक पाण्डेय को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया. जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया.
गिरफ्तार आरोपी —
1:मनीष राजपूत, पिता रामसिंह राजपूत, उम्र 42 साल निवासी – ग्राम भरनी, जिला दुर्ग (प्रबंधक, श्रेया अस्पताल धमधा)
2: डॉ. अभिषेक पाण्डेय पिता अनिल कुमार पाण्डेय निवासी – मॉडल भिलाई, चौकी स्मृति नगर, थाना सुपेला
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB