मूसलाधार बारिश के बीच ग्रामीणों का उग्र प्रदर्शन, बस स्टैंड पर चक्काजाम, इन मांगों को लेकर छाते के साथ सड़कों पर उतरे ग्रामीण
Villagers protested fiercely amidst heavy rains, blocked the bus stand, villagers took to the streets with umbrellas to demand these things
जशपुर : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गृह जिला जशपुर से बड़ी खबर सामने आ रही है. जिले के बगीचा से भारी बारिश के बीच नगरवासी छाता लेकर सड़क पर उतर गए. और चक्का जाम कर दिया. ये सड़क चौड़ीकरण की मांग काफी लंबे समय से करते आ रहे हैं. लेकिन आज तक इनकीं कोई सुनवाई नही हुई नतीजतन इन बस्तियों में न तो एम्बुलेंस प्रवेश कर सकती है न ही फायर विग्रेड..
मिली जानकारी के मुताबिक जशपुर जिले के बगीचा नगर में शनिवार को तेज मूसलाधार बारिश के बीच नागरिकों का सड़क चौड़ीकरण और सड़क के बीच एक पेड़ काटने की मांग को लेकर लेकर जोरदार प्रदर्शन सामने आया है. नगर पंचायत बगीचा के वार्ड क्रमांक 3, 4 और 5 के सैकड़ों ग्रामीणों ने बस स्टैंड के मुख्य चौक पर चक्का जाम कर दिया. जिससे क्षेत्र में यातायात पूरी तरह से ठप हो गया.
इस प्रदर्शन में डम्हा टोली, डूमर टोली, भट्टीकोना और रापत कोना के लोग भारी तादाद में शामिल हुए. नागरिकों ने छाता लेकर बारिश के बीच प्रदर्शन करते हुए अपनी नाराजगी व्यक्त की. और कहा कि जब तक प्रशासन उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं करता है. उनका आंदोलन जारी रहेगा और चक्काजाम नहीं खुलने देंगे.
प्रदर्शनकारियों के मुताबिक जिस सड़क से इन वार्डों को जोड़ने का काम होना है. वह करीब पचास साल पुरानी है और आज भी संकरी हालत में है. कई साल से इस सड़क पर संकीर्णता के कारण आवागमन में बहुत ज्यादा दिक्कत का सामना पड़ता है. जिसके चलते न तो सड़क का चौड़ीकरण हो पाया है और न ही आपातकालीन सेवाएं वहां सुचारु रुप से पहुंच पाती हैं.
ग्रामीणों ने बताया कि एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, स्कूल वाहन और अन्य जरुरी सेवाओं को उस सड़क से गुजरने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. कई बार लिखित और मौखिक शिकायतों के बावजूद, स्थानीय प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. पेड़ काटने का आदेश होने के बाद पिछले एक साल में प्रशासन एक पेड़ नहीं कटवा सका. हालांकि इसमें दूसरे पक्ष ने स्थगन प्राप्त किया हुआ है.
चक्का जाम की वजह से बस स्टैंड बगीचा से रवाना होने वाली सभी बसें रोक दी गईं. और क्षेत्र में लंबा ट्रैफिक जाम लग गया. स्थानीय दुकानदारों और यात्रियों को इससे भारी परेशानी हुई.
समाचार मिलते तक पुलिस बल मौके पर तैनात है और प्रशासनिक अधिकारी प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति सामान्य करने के प्रयास में लगे हुए हैं. हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि केवल आश्वासन नहीं, स्थल पर कार्रवाई चाहिए.
हालांकि प्रदर्शनकारियों ने साफ किया है कि जब तक अतिक्रमण हटाने और सड़क चौड़ीकरण की लिखित कार्यवाही नहीं होती. वे आंदोलन खत्म नहीं करेंगे.
बगीचा एसडीएम प्रदीप राठिया ने बताया कि जनता की समस्या को गंभीरता से लिया गया है. हम वार्डवासियों से संवाद कर रहे हैं. और जल्द समाधान के लिए रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को भेजी जा रही है.
नगरों में आधारभूत सुविधाओं की अनदेखी अब जन आक्रोश का कारण बन रही है. बगीचा जैसी महत्वपूर्ण जगह में सालों पुरानी सड़क पर अव्यवस्था चिंताजनक है. प्रशासन को इस विषय में तत्काल ठोस कदम उठाकर नागरिकों को राहत पहुंचानी चाहिए.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



